महराजगंज। पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में 48 घंटे बाद भी कोई सफलता न मिलने का खामियाजा महराजगंज एसओ ओमनारायण सिंह को अपनी कुर्सी गंवाकर भुगतना पड़ा है। एसपी राजकरन नय्यर ने उन्हें निलंबित कर दिया है। उनकी जगह थानागद्दी चौकी प्रभारी संतोष राय को महराजगंज थाने की कमान सौंपी गई है। नए थानाध्यक्ष के लिए इस घटना का खुलासा चुनौती होगी।
लमहन में शुक्रवार को दोपहर में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर पहुंचकर असलहे के बल पर नोजल कर्मियों के पास से रुपये से भरा बैग लूट लिया था। बैग में करीब 1.61 लाख रुपये थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी ने 48 घंटे में बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए चार टीमें गठित की थी। ताबड़तोड़ छापे की कार्रवाई कर पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उनसे कोई सुराग नहीं मिला। एबीएस पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई घटना से पुलिस महकमे की खूब किरकिरी हुई थी। उसके बाद खुलासे में भी देरी से एसपी असंतुष्ट थे। इससे पहले इसी थाना क्षेत्र के मजीठी गांव में 16 अप्रैल को लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या कर दी गई थी, जबकि पांच मई को कंधीकला ग्राम पंचायत के करछुली में युवक की हत्या हुई थी। ताबड़तोड़ घटनाओं को रोकने में नाकामी पर एसपी ने थानाध्यक्ष ओमनारायण सिंह पर कार्रवाई करते हुए केराकत कोतवाली अंतर्गत थानागद्दी चौकी के प्रभारी संतोष राय को थाने की कमान सौंपी है।
---