जौनपुर। खेलो इंडिया अस्मिता महिला किक बॉक्सिंग नॉर्थ जोन जूनियर वर्ग चैंपियनशिप में जौनपुर की लक्ष्मी ने गोल्ड मेडल जीता। क्षेत्र के कान्हापुर निवासी अरविंद सिंह की पुत्री लक्ष्मी सिंह (17) ने जम्मू विश्वविद्यालय में आयोजित महिला किक बॉक्सिंग नॉर्थ जोन चैंपियनशिप के जूनियर वर्ग में पंजाब प्रांत की कुमारी लक्ष्मी को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। लक्ष्मी के पिता अरविंद सिंह ने बताया कि मेरी बेटी की कक्षा आठ तक की शिक्षा आरबीएस किसान मजदूर इंटर कॉलेज अकोढ़ा में हुई है। इंटरमीडिएट तक की शिक्षा मछलीशहर इंटर कॉलेज से ग्रहण कर रही है। पिछले आठ वर्षों से मछलीशहर में मनोज यादव बेटी को किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दे रहे थे। नॉर्थ जोन बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक मिलने के बाद अब लक्ष्मी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेगी। इसके पूर्व लक्ष्मी जूनियर व सब जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर दो बार कांस्य और एक बार रजत पदक प्राप्त कर चुकी है। लक्ष्मी सिंह का कहना है कि मेरा लक्ष्य इस बार राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करके अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतना है।