जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मिरशादपुर पेट्रोल पंप के पास बुधवार को फोरलेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार एक मजदूर की मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
जिले के थाना बक्शा क्षेत्र के ग्राम सुजियामउ निवासी अनिल कुमार (32) रोज की भांति साइकिल से उसरा बाजार में ढलाई के लिए जा रहा था। वह जैसे ही फोरलेन पर मिरशादपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आधार कार्ड से उसकी पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी। अनिल के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अनिल के पिता शोभनाथ, पत्नी माधुरी, भाई सुनील का रो-रो कर बुरा हाल है। अनिल का बेटा आदर्श कक्षा दो का छात्र है। थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।