सुजानगंज। सुजानगंज बाजार के पास सड़क हादसे में कुल्फी विक्रेता श्रीराम निषाद उर्फ चियानू (60) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष यादवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बौरई गांव निवासी श्रीराम निषाद उर्फ चियानू (60) मंगलवार की दोपहर अपनी साइकिल से घर से निकलकर कुल्फी बेचने सुजानगंज बाजार की तरफ जा रहे थे। सुजानगंज बाजार के समीप किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वे साइकिल के साथ गिर गए। राहगीरों के सहयोग से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर परिवार वाले पहुंचकर उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में फतेहगंज बाजार के समीप उनकी मौत हो गई। शव लेकर परिजन सुजानगंज थाने पर आए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।