जौनपुर। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी एवं मुख्य चुनाव अभिकर्ता तथा भाजपा के निवर्तमान काशी क्षेत्र ओबीसी महामंत्री इंजीनियर कृष्ण कुमार जायसवाल ने जौनपुर में वैश्य समाज को राजनीतिक भागीदारी दिए जाने की मांग उठाई है। बृहस्पतिवार की शाम मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी दावेदारी भी जताई। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज लंबे समय से भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। इसके बावजूद जौनपुर में समाज को उसकी संख्या और योगदान के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब समाज की भागीदारी पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा मेरी मां है। बेटा अगर मां के सामने अपनी बात नहीं कहेगा तो किसके सामने कहेगा। मुझे विश्वास है कि पार्टी मेरी बात अवश्य सुनेगी। उन्होंने युवाओं को राजनीति में आगे लाने और पंचायत से विधानसभा व संसद तक वैश्य समाज की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
इस दौरान मानिक चंद सेठ, राम सिंह मौर्य, व्यापार मंडल अध्यक्ष राधे रमण जायसवाल, गिरिजेश श्रीवास्तव और राम आसरे मोदनवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद