जिले के खेतासराय कस्बे और बरसठी थाना क्षेत्र के सुखलाल गंज में शुक्रवार को बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों जगह जमकर पथराव हुआ।
खेतासराय में कई दूूकानों में तोड़फोड़ की गई। कस्बे में पीएसी तैनात कर दी गई है। तनावपूर्ण शांति है। एडीएम रजनीश चंद्र और एसपी सिटी रामजी सिंह यादव ने दोनों क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
खेतासराय कस्बे के पुरानी बाजार निवासी दो किशोर शुक्रवार को दोपहर बाद अंजान शहीद मुहल्ले की ओर जा रहे थे। रास्ते में दूसरे वर्ग के तीन किशोरों से किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद उनमें मारपीट हो गई।
आसपास के लोगों ने समझा बुझाकर सभी को घर भेज दिया। उधर, दोनों पक्ष के परिवारवालों को घटना का पता चला तो बड़ी संख्या में लोग लाठी डंडे और ईंट पत्थर के साथ घरों से निकल पड़े और बाजार में एक दूसरे के सामने हो गए।
पथराव के दौरान आधा दर्जन दूकानों के टीनशेड आदि तोड़ दिए गए। सूचना पर पहले एसओ खेतासराय मय फोर्स मौके पहुंचे फिर सीओ शाहगंज मयाराम वर्मा, कोतवाल शाहगंज मंजय सिंह और सर्किल के अन्य थानों के एसओ और पीएसी
ने मोर्चा संभाला तो मामला शांत हुआ। उधर, बरसठी थानाक्षेत्र के सुखलालगंज बाजार के पास दो दिन पहले दुर्गापूजा देखने जा रही कुछ लड़कियों के साथ एक पक्ष के युवकों ने छेड़खानी की थी। लड़कियों की शिकायत पर क्षेत्र के युवकों ने
आरोपी युवकों की पिटाई कर दी थी। शुक्रवार को दक्षिण मोहल्ला निवासी एक युवक को दूसरे पक्ष के युवकों ने यह कहते हुए पीट दिया कि उस दिन की घटना में वह भी शामिल था। युवक ने बस्ती के लोगों को घटना की जानकारी दी
तो बड़ी तादात में लोग लाठी डंडा आदि लेकर निकल पड़े और दूसरे पक्ष की बस्ती में पहुंचकर पथराव कर दिया। इसमें दो युवक घायल हो गए। पिटाई करने वालों में से एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मौके पर सीओ मड़ियाहूं
हितेंद्र कृष्ण, एसडीएम रामकेश यादव, मड़ियाहूं कोतवाल आरबी कुशवाहा, तहसीलदार रामजी मौर्य समेत सर्किल के सभी थानों की फोर्स पहुंच गई थी। एहतियात के तौर पर वहां पीएसी तैनात कर दी गई है।
एसपी राजू बाबू सिंह ने बताया कि खेतासराय और बरसठी में बच्चों के मामले में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है। एहतियातन पुलिस, पीएसी तैनात कर दी गई है।