भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की नियुक्ति पर कायस्थ महासभा ने चित्रगुप्त मंदिर परिसर में धन्यवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। कायस्थ समाज के लोगों के साथ भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से कहा कि नितिन नवीन की नियुक्ति कायस्थ समाज के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि समाज की प्रतिभा, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन संघर्ष, संगठन, संस्कार और सिद्धांत के प्रतीक हैं। उन्होंने राजनीति को हमेशा सेवा का माध्यम माना है। यह नियुक्ति इस बात का प्रमाण है कि भाजपा योग्यता और समर्पण को महत्व देती है। विनय श्रीवास्तव ने कहा कि नितिन नवीन का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह संदेश देता है कि ईमानदारी व कर्मठता से नेतृत्व का मार्ग स्वतः प्रशस्त होता है। इस अवसर पर सुनील, सुशील, प्रकाश, शिवनारायण लाल, जितेंद्र, विवेक, अजय, प्रभाकर श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत आदि उपस्थित रहे।