मड़ियाहूं। तहसील क्षेत्र के बेलवां गांव निवासी कराटे खिलाड़ी कनिष्क द्विवेदी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
महाराष्ट्र के नाशिक में कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र (काम) की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘महाराष्ट्र राज्य सब-जूनियर, कैडेट व जूनियर कराटे अजिंक्यपद स्पर्धा 2026-27’ में कनिष्क ने शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने कैडेट वर्ग की 63 किलोग्राम कुमाते स्पर्धा में कड़े मुकाबलों के बीच अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ कनिष्क ने आगामी नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। अब वह उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी सफलता के पीछे उनके कोच यश रेवडेकर का मार्गदर्शन और कनिष्क की लगातार मेहनत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कनिष्क की इस उपलब्धि पर गांव व क्षेत्र के लोगों में उत्साह है।