रोडवेज डिपो से जौनपुर से लखनऊ वाया गभीरन व खुटहन मार्ग पर एक रोडवेज बस का संचालन किया गया। ग्रामीणों द्वारा उक्त मार्ग पर बसों का संचालन करने के लिए काफी दिनों से मांग की जा रही थी।
बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे समाजवादी पार्टी के अल्प संख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद आजम खां ने रोडवेज परिसर में हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से जन सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। बस जौनपुर डिपो से चलकर ग्रामीण क्षेत्रों मल्हनी, गभीर, खुटहन व सूरापुर के रास्ते होते हुए लखनऊ तक जाएगी।
साथ ही इसी मार्ग से वापस भी आएगी। बस का संचालन प्रत्येक दिन जौनपुर डिपो से सुबह सात बजे लखनऊ के लिए किया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक केसरीनन्द चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा उक्त मार्गों पर बस चालाने की मांग की
जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है। इस मौके पर हाजी अफजल खां, श्यामबहादुर पाल, गजराज यादव, हाफिज एजाज शाह, गुंजन मौर्य, सिराज अहमद सहित परिवहन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।