जौनपुुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के शाहगंज रोड पर दाउदपुर गांव के पास मंगलवार की रात करीब साढ़े 8 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ट्रैक्टर और बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। बदलापुर सीएचसी से प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के दुगौलिकला गांव निवासी अरुण (30) मजदूरी करता है। मंगलवार की रात वह ट्रैक्टर पर भवन निर्माण का सामान लेकर बदलापुर जा रहा था। रात करीब साढ़े 8 बजे दाउदपुर गांव के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे अरुण को कुचलते हुए असंतुलित बोलेरो सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मारकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे में बाइक सवार अवनीश (18) को भी गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में घायलों को बदलापुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। अवनीश की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया है।