करंट से मृत सनी नागर (फ़ाइल फोटो)
- फोटो : JAUNPUR
धर्मापुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के सम्मोपुर गांव में मंगलवार को वैवाहिक समारोह के लिए टेंट लगाते समय हाईटेंशन करंट की चपेट आने से किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद टेंट संचालक मौके से खिसक गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
सम्मोपुर कला गांव में एक व्यक्ति के घर शादी समारोह था। धर्मापुर बाजार स्थित विश्वकर्मा टेंट हाउस की ओर से वहां टेंट लगाने का काम चल रहा था। दुकान पर काम करने वाला जफराबाद के सुल्तानपुर गांव निवासी सनी टेंट हाउस लगा रहा था। उसने लोहे की पाइप को खड़ा करने का प्रयास किया, तभी ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से स्पर्श के कारण पाइप में करंट उतर गया। हाईटेंशन करंट से सनी (16) गंभीर रूप से झुलस गया। जब तक उसे करंट से छुड़ाते उसकी मौत हो गई। सूचना पर जफराबाद थाने की पुलिस ने सुल्तानपुर गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। बालक के पिता राजेश ने टेंट मालिक के रवैए पर आक्रोश जताया। कहा कि घटना के बाद मालिक मौके से फरार हो गया। वह संवेदना जताने भी नहीं आया और न ही घटना की सूचना दी। सनी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बाबत जफराबाद एसओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर वह तहरीर देते हैं तो टेंट मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।