खेतासराय। जौनपुर - खेतासराय मार्ग पर तरसावां के पास चावल लदा ट्रक पेड़ से टकरा कर पलट गया। जिससे पेड़ की डाल बिजली तार पर गिरने से खेतासराय नगर की आपूर्ति ठप हो गयी। विद्युत कर्मचारियों ने मरम्मत कर 16 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति चालू कराई ।बुधवार की रात्रि साढ़े ग्यारह बजे तरसावां के पास ट्रक असंतुलित होकर सड़क के किनारे एक पेड़ से टकराते हुए पलट गया। हादसे में चालक और खलासी तो बाल -बाल बच गये। लेकिन पेड़ की डाल 33 हजार लाइन की तार पर गिरने से विद्युत उपकेन्द्र बादशाही पर जाने वाली लाइन ट्रिप कर गयी। इससे खेतासराय कस्बे को मिलने वाली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गयी। गुरुवार की सुबह बिजली कर्मचारियों को जानकारी होने पर तार पर गिरी डाल को काटकर हटाया गया। लाइनमैन दयाराम के अनुसार तार पर डाल गिरने के बाद तार आपस में लिपट गये थे। तार ठीक करने के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई है ।