शाहगंज। दिल्ली से पति के साथ अपने घर लौट रही गर्भवती महिला ने सोमवार को शाहगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर बच्ची को जन्म दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे आरपीएफ प्रभारी संदीप यादव ने प्रसूता को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के सुरेही गांव निवासी बलजीत दिल्ली कैंट के केवी प्लेस में रह कर प्लंबर का काम करता है। उसकी पत्नी आरती भी उसके साथ दिल्ली में रहती थी। बलजीत ने अपनी गर्भवती पत्नी का प्रसव कराने के लिए रविवार को कैफियत एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार होकर घर आ रहा था। शाहगंज पहुंचने पर अचानक आरती को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। जिससे आरती को स्टेशन पर ही उतार लिया गया। दर्द से कराह रही आरती की मदद में स्टेशन पर मौजूद महिलाएं जुट गई। महिलाओं ने मदद कर प्रसव कराया। प्रसूता ने बेटी को जन्म दिया। मामले की खबर लगते ही मौके पर पहुंचे आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव ने जच्चा व बच्चा को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आरती की हालत सामान्य बताई जा रही है।