नगर पंचायत का दर्जा मिले जौनपुर के बदलापुर को साढ़े सात साल बीत गया। इसके बावजूद आज भी इससे जुडे़ कई गांवों को शहर की बिजली नहीं मिल पा रही है।
नौ जनवरी 2014 को मानक पूरा करने के परिणाम स्वरूप बदलापुर को नगर पंचायत का दर्जा मिला। नगर पंचायत क्षेत्र में आने वाले गांव भलुआही, बरौली, हकारपुर, सुल्तानपुर, सरोखनपुर, ऊदपुरगेल्हवा, पुरानी बाजार तथा ऊदपुर घाटमपुर को मिलाकर 15 वार्ड बनाया गया। साथ ही अलग से टाउन उपकेंद्र भी बनाया गया। उपकेंद्र के तीन फीडर क्रमश: टाउन, भलुआही तथा बेदौली से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बेदौली फीडर से कड़ेरेपुर, बेदौली, सरायत्रिलोकी सहित छह गांवों को शहरी बिजली दी जा रही है। जबकि यहां के उपभोक्ता ग्रामीण बिल की अदायगी करते हैं।
वहीं, शहरी क्षेत्र में पड़ने वाले गांव पुरानीबाजार, बरौली, ऊदपुर घाटमपुर आंशिक, ऊदपुरगेल्हवा आंशिक, हकारपुर, सुल्तानपुर के उपभोक्ताओं से शहरी बिल की वसूली की जा रही है और उन्हें बिजली गांव की मिल रही है। इस बात को लेकर शहरी सीमा क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली विभाग की मनमानी से हलकान हैं। वार्डों के सभासद बिनोद शर्मा, बबलू पांडेय, योगेश यादव, राजेश गौतम, प्रिंसी विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सरोज आदि ने बिजली विभाग के आला अफसरों से मुलाकात कर नगर पंचायत के वंचित वार्ड में शहरी बिजली की आपूर्ति कराए जाने की मांग की है। एसडीओ विद्युत रंजीत कुमार ने बताया कि सर्वे कराने के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। जल्द ही रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।