जौनपुर। प्यासों को पानी पिलाने में भी जौनपुर फिसड्डी है। उमस भरी भीषण गर्मी में भी प्याऊ की व्यवस्था नहीं की जा रही है। संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए चलाए जा रहे हैं संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पीने के लिए पानी की व्यवस्था करना भी एक बिंदू शामिल है। एक अप्रैल से 30 अप्रैल संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा है। विभागों द्वारा पहले सप्ताह में किए कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट प्रदेश स्तर से जारी की गई है। इसमें जिले को शून्य अंक मिला है। जबकि राज्य को औसतन 42 अंक मिला है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पीने के पानी की एवं छाया की व्यवस्था की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, प्रबंधक रोडवेज जौनपुर, रेलवे स्टेशन के अधीक्षक, स्वयं सेवी संगठनों से आम जनता एवं यात्रियों के लिए प्याऊ लगवाने की अपील की है। किसी को पीने के पानी की कमी न होने पाए तथा लोगों के जान माल की रक्षा की जा सके। इस साल अभी तक किसी भी स्वयं सेवी संगठन ने प्याऊ की व्यवस्था नहीं कराई है। इसके चलते राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।