जौनपुर जनपद के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर गांव से सोमवार की रात टेंपो सवार बदमाशों ने घर में सो रही 11वीं की छात्रा का अपहरण कर लिया। विरोध करने पर परिवार वालों की पिटाई भी की। आरोप है कि वह करीब एक लाख रुपये के आभूषण भी उठा ले गए। सूचना पाकर हरकत में आई पुलिस ने दिनभर छानबीन के बाद मंगलवार की देर शाम अज्ञात लोगों पर अपहरण का केस दर्ज किया।
पुलिस को दी गई तहरीर में पिता ने कहा कि उनकी बेटी (17) चोराई गांव स्थित एक निजी विद्यालय में 11वीं कक्षा की छात्रा है। सोमवार की रात वह घर में सो रही थी। अचानक रात 11 बजे टेंपो सवार 5-6 की संख्या में अज्ञात बदमाश आए और सीधे घर में घुस गए। बेटी को बिस्तर से खींचकर जबरन ले जाने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने माता-पिता और भाई की पिटाई की।
बदमाश घर में रखा करीब एक लाख मूल्य का आभूषण भी समेट ले गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर छानबीन की। एक युवक को हिरासत में लेकर घटना के बारे में पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी मुन्नालाल ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर पर छात्रा के अपहरण का केस दर्ज किया गया है। परिवार वालों से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।