जौनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कमजोर वर्ग के बच्चों के नि:शुल्क प्रवेश दिलाने पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि गरीब बच्चों का अधिक से अधिक प्रवेश दिलाएं। निजी विद्यालयों में आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चों, विधवा महिलाओं के बच्चों, कैंसर पीड़ित के बच्चे भी पढ़ सकेंगे।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जनपद के 3038 विद्यालयों में से अभी तक मात्र 463 विद्यालयों ने ही वेबसाइट (www.rte.upsdc.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि 2575 विद्यालयों ने अभी तक वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। डीआईओएस राजकुमार पंडित ने विद्यालयों को 25 प्रतिशत सीट गरीब बच्चों के लिए खाली रखने का निर्देश दिया। जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि अधिक संख्या में अलाभित व दुर्बल समूह के बच्चों को लाभ दिलाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं। बैठक में डॉ. अखिलेश, डॉ. कमलेश, अजय मौर्य, संजय चैधरी, विकास, लवकुश आदि ने सहयोग किया। अभिनव मिश्रा, संतोष यादव, ऋषिकेश दुबे, सत्यनारायण यादव, उदय सिंह, विपिन सिंह आदि मौजूद रहे।