मीरगंज (जौनपुर)। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मुसाफिरों की सहूलियत के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तेज हो गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अब प्लेटफॉर्म संख्या दो, तीन, चार और पांच पर दिव्यांगों, बुजुर्गों और असहाय यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए लिफ्ट लगाई जाएगी। इससे एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ने की मजबूरी खत्म होगी।
वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल प्रभाग के प्रमुख जंक्शनों में शुमार जंघई स्टेशन से रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहले से ही फुट ओवरब्रिज से जोड़ने के लिए रैंप निर्माण का कार्य शुरू कराया जा चुका है। इसी कड़ी में अब शेष प्लेटफॉर्मों (2, 3, 4 और 5) को आधुनिक लिफ्ट सुविधा से लैस करने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
वर्तमान में फुट ओवरब्रिज की ऊंची सीढ़ियां चढ़कर दूसरे प्लेटफॉर्मों पर जाना दिव्यांगों, बीमारों और बुजुर्ग मुसाफिरों के लिए बेहद कष्टप्रद साबित होता था। प्लेटफॉर्मों पर लिफ्ट स्थापित हो जाने के बाद व्हीलचेयर और असहाय मुसाफिर सीधे फुट ओवरब्रिज के जरिये बिना किसी बाधा के किसी भी प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी खत्म होगी और यात्रियों का समय बचेगा।
स्टेशन के सर्वांगीण विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए अमृत भारत योजना के तहत कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रैंप का काम शुरू हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म 2, 3, 4 और 5 पर दिव्यांगों व वृद्ध यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट का निर्माण कराया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होते ही इसका काम धरातल पर शुरू होगा।
— कोमल सिंह, स्टेशन अधीक्षक, जंघई जंक्शन