सिरकोनी। श्रीराम निरंजन इंटर काॅलेज माधोपट्टी कजगांव में बुधवार को आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव आजमाए। किसी ने धोबी पाट तो किसी ने काखीं दांव और किसी ने जांघिया दांव लगाकर अपने प्रतिद्वद्वी को चित किया। कुश्ती देखने ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी थी।
सबसे रोचक कुश्ती तब देखने को मिली जब जौनपुर के जनार्दन ने मऊ के नीरज को धोबी पाट दांव लगाकर चित कर दिया। गद्दोपुर के भोला पहलवान ने विशाल खुटहन को कुछ पल में पटक कर धूल चटा दी। गया पहलवान धर्मापुर ने रणजीत गड़वारे को कांखी दांव लगाकर चित किया। रामआसरे ने राजेंद्र पहलवान को चित कर वाहवाही लूटी। नगर पंचायत कचगांव के चेयरमैन फिरोज खान ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। इस दौरान संदीप सिंह, शैलेंद्र सिंह, वैभव सिंह ने भी पहलवानों का हाथ मिलवाया। इससे पहले राष्ट्रीय स्तर के पहलवान महादेव सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। विजेताओं को काॅलेज के संस्थापक के परिवार वैभव सिंह सहित अन्य लोगों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।