जौनपुर। गोमती नदी हनुमान घाट पर मंगलवार को कांवरियों का भीड़ जुट गई। सुबह से ही घाट पर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे। आदि गंगा गोमती में स्नान करने के बाद कांवरियों का जत्था साष्टांग दंडवत करते हुए गाजे बाजे के साथ नवाब युसूफ रोड़ स्थिति बाबा जागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ। कांवरियों के रास्ते पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाया गया। जहां लोगों ने पुष्प वर्षा कर कांवरियों का स्वागत किया। भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। कांवरिया संघ के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था। पूरे रास्ते में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस तैनात की गई थी। करीब तीन सौ की संख्या में कांवरियों की भीड़ रही।
नाग पंचमी के दिन सुबह 6 बजे ही हनुमान घाट में कांवरियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नदी में स्नान और पूजन करने के बाद आठ बजे गाजे बाजे के साथ भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा चहारसू चौराहा से होते हुए कोतवाली चौराहा, नवाब युसुफ रोड स्थित बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर में पहुंच कर भक्तों ने जलाभिषेक किया गया। लेटकर जलाभिषेक के लिए जाते हुए भक्तों पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर तथा उनके ऊपर ठंडे पानी का बौछार कर उनका उत्साहवर्धन किया। भक्तों का विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा सहयोग किया।