शाहजहांपुर जनपद के पत्रकार जगेंद्र सिंह की गत दिनों जिंदा जलाकर हत्या करने को लेकर बुधवार को जनपद के पत्रकारों ने विरोध जताया। गोमती जर्नलिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में बुधवार को पत्रकारों ने बाइक से जुलूस निकालकर प्रदर्शन के
बाद कलेक्टे्रट पहुंच कर अतिरिक्त एसडीएम पुष्पराज सिंह को पत्रक सौंपा। पत्रक में मृत पत्रकार के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तारी करने की मांग की गई। साथ ही उनके घर वालों को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को
नौकरी देने की मांग की। पत्रक में प्रदेश के सभी पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपी मंत्री राममूर्ति वर्मा सहित दोषी पुलिस कर्मियों को बर्खास्त करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष डा. राम सिंगार
शुक्ल गदेला, महामंत्री संजय अस्थाना, सूरज साहू, विरेन्द्र गुप्ता, दीपक गुप्ता, दीपक चिटकारिया, अजीत सोनी, प्रमोद जायसवाल, डा. प्रमोद वाचस्पति, सुनील मौर्य, श्याम रतन, महर्षि सेठ, अवधेश श्रीवास्तव समेत सैकड़ों पत्रकार
उपस्थित रहे। इसी क्रम में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की जनपद शाखा के अध्यक्ष विजय प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। यूनियन ने पत्रकार के हत्या की उच्चस्तरीय
न्यायिक जांच एवं परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। पत्रक सौंपने वालों में विजय प्रकाश मिश्र, प्रेम प्रकाश मिश्र आदि रहे।