रामनगर। इटाये बाजार स्थित एक स्कूल में मंगलवार को अपना दल एस के जफराबाद विधानसभा की बैठक हुई। मुख्य अतिथि जफराबाद प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव (विधि मंच) हौशिला प्रसाद पटेल ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है। जोन और सेक्टर स्तर पर नियमित बैठकों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाए। यदि कार्यकर्ता गांव-गांव तक सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करेंगे तो आने वाले पंचायत चुनाव में पार्टी को सफलता प्राप्त होगी। विशिष्ट चंद्रशेखर पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में चौपाल लगाकर जनता से संवाद स्थापित करें। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के विचारों तथा संसद में उठाए गए जनहित के मुद्दों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। इससे जनता के बीच पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। अध्यक्षता जफराबाद विधानसभा के महासचिव अच्छेलाल माली और संचालन रवि पटेल ने किया। इस अवसर पर सुरेश पटेल, अनिल पटेल, राहुल पटेल, सुरेश मौर्य, दयाशंकर प्रजापति, सोनू पटेल, राजेश दुबे, विनोद, शुभम आदि मौजूद रहे।