बक्शा। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही शनिवार की दोपहर बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र पहुंच वैज्ञानिकों सहित संबंधित अधिकारियों को शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर लाना व किसानों तक पहुंचाना सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। कृषि वैज्ञानिक किसानों तक पहुंच कर वैज्ञानिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित करें न कि केवल केंद्र पर हाजिरी लगाएं। मंत्री शाही के अचानक कृषि विज्ञान केंद्र आने की सूचना पर अधिकारियों को मिलते ही तत्काल अधिकारी कृषि विज्ञान केंद्र पहुंच गए। मंत्री ने केंद्र पहुँच सबसे पहले हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया। पॉलीथीन के ऊपर उगे घास को देख सफाई करवाने का निर्देश दिया। तालाब पर पहुंच मछली उत्पादन की जानकारी लेते हुए उत्पादन बढ़ाने को कहा। शाही ने वैज्ञानिकों से पपीते की खेती के उत्पादन में वृद्धि का निर्देश दिया। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से सोशल मीडिया के माध्यम से ग्रुप बनाकर किसानों को जागरूक करने की सलाह दी। उन्होंने उपकृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय से ढैंचा का बीज उपलब्ध करवाने एवं किसानों में वितरित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी दिनेश सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी शशिकेश, कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार से जानकारी ली। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के अधीक्षक वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया, अमहित अधीक्षक राकेश कुमार सिंह, डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सोनकर, डॉ. राजीव कुमार सिंह, अमित सिंह, नरेंद्र कुमार, पल्लवी विश्वकर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहें।