केंद्रीय विश्वविद्यालय हैदराबाद के छात्र रोहित वेमुला की खुदकुशी की घटना से गुस्साए युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और शकरमंडी में मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी का
पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसी शर्मनाक घटना के बाद मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। दर्जनों की संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता नगर कोतवाली चौराहे से जुलूस
निकाल कर नारेबाजी करते हुए शकरमंडी पहुंचे। जहां मानव संसाधन विकास मंत्री का पुतला दहन किया। संगठन के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह और विधायक प्रतिनिधि खुर्शीद अनवर खान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध
में नारे लगाए। पुतला दहन के बाद हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है तब से अल्पसंख्यक और दलितों पर जुल्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस मौके पर रिंकू पंडित, जन्मेजय सिंह,
सद्दाम शमसाद, विवेक सिंह, सिद्धार्थ साहू, अश्विनी यादव, आनंद श्रीवास्तव, शुभम विश्वकर्मा, अतुल विश्वकर्मा, मो. इस्लाम, बांकेलाल शुक्ल, नवनीत सिंह, सिंटू यादव आदि रहे।