बक्शा। थाना क्षेत्र के एक स्कूल की प्ले ग्रुप की चार साल बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले की जांच 8 दिन में पूरी हो गई। पुलिस ने नौवें दिन बुधवार को 200 पेज का आरोपपत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया। दुष्कर्म का आरोप 11 अगस्त को स्कूल बस के परिचालक रोहित चौहान पर लगा था। उसे 12 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच में बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। इसी वजह से आरोपी का डीएनए टेस्ट कराने का फैसला किया गया। डीएनए टेस्ट के लिए नमूना भेजा गया है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है। बच्ची से दुष्कर्म मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की तैयारी है। बक्शा थाने की पुलिस ने जो आरोप पत्र तैयार किया है, उसके मुताबिक बस का परिचालक 11 अगस्त को प्ले ग्रुप से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों को बैठाकर स्कूल से निकला था। चार साल की बच्ची को भी घर पहुंचाया और चला गया। परिजनों के पास पहुंचते ही बच्ची रोने लगी। अभिभावकों के पूछने पर बच्ची ने परिचालक का नाम बताया और कहा कि गलत काम किया है। परिजन बच्ची के साथ स्कूल पहुंचे। वारदात की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी गई। प्रबंधन ने ही पुलिस को सूचना दी। बाद में परिजनों की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई।
आरोपी खारौना गांव का रहने वाला है। वह जेल में है। फॉरेंसिक टीम ने बस की जांच की थी और साक्ष्य जुटाए थे।