जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने बताया कि राजभवन के आदेश पर जून में योग कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शुक्रवार को कुलपति कार्यालय में आयोजन समिति के साथ बैठक की। इसमें एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम पर चर्चा हुई। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक उत्सव की तरह है। इससे जुड़े कुल दस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर यह कार्यक्रम 1 जून से 21 जून तक आयोजित होगा। इसके साथ ही ज्ञान और अनुभव का संगम विषय पर अंतरराष्ट्रीय योग संगोष्ठी, विश्वविद्यालय में एक योग पार्क विकसित किया जाएगा। विश्वविद्यालय में अमृत सरोवर के पास एक चंदन वाटिका बनाई जाएगी। ऊर्जा और एकाग्रता का अनुभव के लिए सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कुलसचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. राम नारायण, डॉ. राज बहादुर यादव, डीआर अजीत प्रताप सिंह, डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. धीरेंद्र, डॉ. मनोज पांडेय, जय सिंह आदि उपस्थित रहे।