जौनपुर। प्रदेश के चकबंदी आयुक्त बी.राम शास्त्री ने गुरुवार को चकबंदी के वादों, प्रक्रियाओं सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। पुराने लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। चकबंदी आयुक्त ने सभी सहायक चकबंदी अधिकारियों को निर्देश दिया कि उतने ही केस लें, जिनका निस्तारण समय से कर सकें। सहायक चकबंदी अधिकारी मामलों की साप्ताहिक समीक्षा करेंगे। उन्होंने धारा 24 के मामलों में अभिलेखों को भलीभांति देखने के बाद ही सत्यापन रिपोर्ट लगाने के निर्देश दिए। सर्किल शाहगंज में धारा 23 के लक्ष्य के सापेक्ष एक भी गांव पूर्ण न होने पर चकबंदी आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। सहायक चकबंदी अधिकारी शाहगंज को तत्काल शाहगंज से हटाने और जिम्मेदार अधिकारी को जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए। बंदोबस्त अधिकारी ने बताया कि जनपद में 89 गांव चकबंदी के तहत आते हैं। वादकारी के 135 मामलों का निस्तारण कर लिया गया है। अभी 1300 मामले लंबित है। चकबंदी आयुक्त ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बार एसोसिएशन ने जल्दबाजी में बंदोबस्त न बनाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने का अनुरोध किया।