जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली में रुचि नहीं लेने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्युत विभाग की राजस्व वसूली की प्रगति पर डीएम ने असंतोष जताया।
उन्होंने स्टांप एवं पंजीयन, आबकारी, विद्युत, खनन, परिवहन, मंडी समिति, मत्स्य और नगर निकाय समेत अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बकायेदारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर राजस्व संग्रह में तेजी लाने को कहा। साथ ही अवैध खनन पर रोक लगाने और मत्स्य पट्टों की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में संचालित स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कराने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, वाहनों पर निर्धारित गति सीमा अंकित कराने और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने के निर्देश दिए।