कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार परिसर के समीप 27.85 लाख रुपये की लागत से नए स्ट्रांग रूम का निर्माण कराया जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके बनने से गोपनीय दस्तावेजों और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में जिले में केवल एक स्ट्रांग रूम होने के कारण महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने एक और स्ट्रांग रूम के निर्माण की पहल की है। यह निर्माण कार्य क्रिटिकल गैप्स योजना के तहत 27.85 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने बताया कि नए स्ट्रांग रूम के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए 27.85 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।