धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड गांव में शनिवार की रात सड़क किनारे घर के बरामदे में सो रही एक 11 साल की बच्ची को बिस्तर से उठाकर बाइक सवार उसे लेकर भाग रहे थे। घर से थोड़ी दूर आगे पहुंचे थे तभी बालिका चलती बाइक से कूद गई। पीछा कर रहे ग्रामीणों को देख बाइक सवार भाग गए। पीड़ित बालिका के पिता ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में लड़की के पिता ने कहा है कि उनकी बेटी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के बरामदे में सोई थी। रात में करीब सवा दस बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे और बिस्तर से बेटी को उठाकर बाइक पर बैठा कर भागने लगे। शोर सुनकर गांव वालों ने भी पीछा कर लिया। करीब दो सौ मीटर आगे बाइक धीमी हुई तो बालिका चलती बाइक से कूद गई। इधर पीछा कर रहे गांव के लोगों को अपनी तरफ आता देख बदमाश फरार हो गए। पुलि घटना की छानबीन में जुटी है। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।