भरारी गांव मे बुधवार की शाम गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोगों ने उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।भरारी गांव निवासी विनोद अग्रहरि का दो वर्षीय पुत्र शिवांश अग्रहरि बुधवार की शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान गिट्टी लदा ट्रैक्टर पहुंचा। गिट्टी उतारने के लिए चालक ट्रैक्टर को बैक कर रहा था। तभी अचानक बालक शिवांश खेलते समय ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद परिवार के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।