मड़ियाहूं के मेहंदीगंज बाजार में हादसे के बाद जाम लगाते लोग।
- फोटो : JAUNPUR
मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के मेहंदीगंज बाजार में शनिवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वह बाइक सवार मां की गोद में बैठा था। ट्रक को ओवरटेक करते हुए मां की गोंद से फिसलकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे कोतवाल ने समझा-बुझाकर 15 मिनट बाद जाम समाप्त करा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भदोही निवासी कलीम उर्फ बबलू हाशमी कोतवाली क्षेत्र के मोकलपुर स्थित अपनी ससुराल में आयोजित वैवाहिक समारोह में भाग लेने आया था। शनिवार की शाम वह मड़ियाहूं बाजार से खरीदारी कर पत्नी परवीन व पुत्र तनवीर (6) के साथ बाइक से मोकलपुर लौट रहा था। मेहंदीगंज बाजार के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक पर बैठी पत्नी के हाथ से फिसलकर गोद में बैठा तनवीर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। उसे गंभीर चोट आई। आननफानन जौनपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। परिजन व ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे कोतवाल मुन्नाराम ने ट्रक चालक पर कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।