केराकत, धौरौरा निवासी मृतक शन्नी बनवासी फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
- फोटो : बाबूगंज में लगे एटीएम की टूटी मशीन।
केराकत। क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। धरौरा गांव निवासी लखेंद्र वनवासी का पांच वर्षीय पुत्र सनी वनवासी घर के पास बगीचे में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह सड़क किनारे पहुंच गया। इसी दौरान केराकत-जौनपुर मार्ग पर हुरुहुरी गांव स्थित एसडी पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटते देख चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल बच्चे को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सनी अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। दुखद संयोग यह है कि बीते रक्षाबंधन के दिन उसके बड़े भाई की पेड़ से गिरकर मौत हो गई थी। लगातार दो बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है, वहीं गांव में शोक की लहर है।