करंजाकला। जिले में खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसी क्रम में सैदपुर गड़उर में पहले से बने एक तल के हॉस्टल को तीन मंजिला बनाया जाएगा। मेस की भी व्यवस्था होगी। इस निर्माण में कुल 4.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। काम अगले महीने से शुरू होगा। इंदिरा गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या और उनकी जरूरतों को देखते हुए हॉस्टल में दो और तल, मेस, बाउंड्री वॉल और गेट लगाने का काम किया जाएगा। इसके लिए खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। मंजूरी मिलते ही कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को दे दी गई है। अभी तक खिलाड़ियों को खाने के लिए बाहर के ढाबों और होटलों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे न सिर्फ उनका समय और पैसा खर्च होता था बल्कि खानपान की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता रहती थी। अब हॉस्टल के भीतर ही खाना-पीना उपलब्ध होने से उन्हें राहत मिलेगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह यादव ने बताया कि हॉस्टल और मेस की यह नई व्यवस्था खिलाड़ियों को मानसिक रूप से भी मजबूत करेगी। उन्हें अब खेल पर अधिक एकाग्रता से ध्यान देने का मौका मिलेगा। साथ ही, जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा और अधिक युवा खेलों की ओर आकर्षित होंगे।
200 खिलाड़ी पंजीकृत हैं 6 खेलों में-इंदिरा गांधी स्टेडियम में कुल 6 खेलों में 200 खिलाड़ी पंजीकृत हैं। इसमें एथलेटिक्स, वाॅलीबाॅल, कबड्डी, खो-खो, बॉक्सिंग व तलवारबाजी शामिल हैं। खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी कोचों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूलों में जाकर प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभागी जुड़ सकें।..
मल्टीपरपज हॉल और स्विमिंग पुल भी-स्टेडियम को जल्द ही मल्टीपरपज हॉल और स्विमिंग पूल भी मिलेगा। साथ ही बैडमिंटन समेत अन्य इंडोर खेलों को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि, क्रिकेट और फुटबॉल के खिलाड़ियों को अभी भी जगह की कमी से जूझना पड़ रहा है। स्टेडियम परिसर में दर्शकदीर्घा, मल्टीपरपज हॉल व स्विमिंग पुल के निर्माण के बाद ओपन ग्राउंड की जगह सीमित हो गई है। इससे बड़े मैदान वाले खेल प्रभावित हो रहे हैं।
स्पोर्ट्स कॉलेज का सपना होगा साकार, जमीन की तलाश तेज-खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के निर्देश पर जौनपुर में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके लिए जमीन की तलाश तेजी से की जा रही है। स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं, प्लेग्राउंड और संचालन के लिए अधिक जमीन की आवश्यकता होगी। जमीन मिलते ही शासन और कैबिनेट स्तर पर प्रस्ताव पास कर निर्माण कार्य इसी सत्र में शुरू किया जाएगा।
इंदिरा गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों के मद्देनजर खेल सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। नए प्रस्ताव के तहत दो मंजिला हॉस्टल व मेस का निर्माण जल्द शुरु होगा। अन्य सुविधाएं भी जल्द बढ़ाई जाएंगी। - गिरीश चंद्र यादव, खेल राज्यमंत्री