बदलापुर। माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन गुट) के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि सरकार द्वारा अनुमोदित नई शिक्षा नीति 2020 का मुख्य उद्देश्य स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा प्रणालियों में परिवर्तनकारी सुधारों को लागू करना है। वे सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज बदलापुर में संगठन की मजबूती व शैक्षिक संगोष्ठी को मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रहे थे। कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता के साथ भारत को प्रशिक्षित गुरुओं की बदौलत वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि 2030 तक समग्र नामांकन अनुपात को सौ फीसद करते हुए केंद्र-राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र पर सार्वजानिक व्यय जीडीपी का छह फीसद करने, शिक्षकों को प्रशिक्षित करने, बच्चों में रटने के बजाय समझने और उनके शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य पर बल देते हुए कौशल विकास की क्षमता पैदा करना राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राज केशर यादव ने कहा कि संघ मजबूत होगा तभी हमारे हक-अधिकार और मान सम्मान एवं सेवा सुरक्षा महफूज रहेगी। इस मौके पर जिलामंत्री राम सूरत वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष राम नरायन बिंद, अंबरीश विश्वकर्मा, अभिषेक सिंह, रविकांत, सिद्धार्थ यादव, मुकेश सिंह, विजय शंकर तिवारी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रितेश यादव ने की।