जौनपुर जिले के शाहगंज में भाजपा नेता और शराब कारोबारी ओम प्रकाश जायसवाल के घर तीसरे दिन भी आयकर विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी है। दोपहर में खुद ओम प्रकाश जायसवाल ने अमर उजाला संवाददाता को फोन कर जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मैं जनपद का प्रगतिशील विचारधारा का बिजनेसमैन हूं। विरोधी हैं तो साजिश करेंगे ही, उन्हें मैं उचित मंच और उचित समय पर जवाब दूंगा। मैं संवैधानिक आदमी हूं और संविधान एक्ट का पालन करता हूं।
भारत सरकार का जो टैक्स कलेक्शन का नियम है, वह जनता के हित के लिए है। मैं इसकी पूरी जानकारी विस्तार से सभी को दूंगा। यह भी बताऊंगा क्या-क्या अधिकारियों से बातें हुईं। इसके लिए उन्होंने 2 घंटे का समय मांगा। साथ ही अनुरोध किया कि जांच में जुटे अधिकारियों को परेशानी हो रही है, इसलिए मौके से मीडिया कर्मी थोड़ी दूरी बनाएं। मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरी जानकारी दे दूंगा।