जौनपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और उसमें संशोधन कराने को लेकर लोगों में होड़ दिखी। निर्वाचन आयोग की ओर से 17 और 24 अक्टूबर को चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने फॉर्म भरकर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में हिस्सा लिया। दोनों दिनों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 16,740 लोगों ने फॉर्म छह भरा। वहीं, नाम हटाने या किसी नाम को सूची में शामिल किए जाने पर आपत्ति के लिए 750 लोगों ने फॉर्म सात भरा। इसके अलावा नाम-पते में सुधार और निवास स्थान बदलने के लिए 1,275 लोगों ने फॉर्म आठ के जरिए आवेदन किया। इस तरह दो दिन के विशेष अभियान में कुल 18,765 आवेदन आए।
नाम जुड़वाने की संख्या रही अधिक
दोनों दिनों के आंकड़ों में फार्म छह के आवेदन सबसे अधिक रहे। 17 अक्टूबर की तुलना में 24 अक्टूबर को फार्म छह के 130 आवेदन अधिक आए। फार्म सात के आवेदन 218 से बढ़कर 532 हो गए, जबकि फार्म आठ के आवेदन भी 567 से बढ़कर 708 पहुंच गए। यह आंकड़े बताते हैं कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के साथ-साथ नामों पर आपत्ति और विवरण में सुधार कराने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग आगे आए।
निर्वाचन आयोग की ओर से 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान नाम जुड़वाने वालों की संख्या अधिक रही।
- परमानंद झां, एडीएम।