जौनपुर। सीएचसी शाहगंज और ट्रॉमा सेंटर में खराब पड़े हेल्थ एटीएम को सीडीओ ने सात दिन में चालू कराने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सीडीओ नरेंद्र बहादुर सिंह ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने में खराब प्रदर्शन करने वाले विकास खंडों से स्पष्टीकरण लेने और जननी सुरक्षा योजना के पात्र लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। सीडीओ ने आयुष्मान भारत योजना और जीरो पॉवर्टी योजना के तहत बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की। संस्थागत प्रसव की प्रगति कम मिलने पर संबंधित विकास खंडों को आगामी बैठक तक सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में सीटी स्कैन की व्यवस्था, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान और टीकाकरण की स्थिति की भी समीक्षा हुई। मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्रसूताओं को निशुल्क भोजन, परिवार नियोजन और एंबुलेंस सेवाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों से स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
सीडीओ ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई और सफाई कराने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में बच्चों के माध्यम से संचारी रोगों से बचाव और रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।