रेलवे में गेटमैन की नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह ठगी लखनऊ के डीआरएम ऑफिस में स्टेनोग्राफर मुनौवर की पत्नी खुशबू ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर की है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने कौड़िया गांव के अबू मोहम्मद, आजमगढ़ के पवई क्षेत्र के खंजहापुर गांव के राजेश विश्वकर्मा, लखनऊ के डीआरएम ऑफिस में स्टेनोग्राफर मुनौवर की पत्नी खुशबू, उसके रिश्तेदार अबू मोहम्मद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रभारी निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने बताया कि खुटहन थाना क्षेत्र के लवायन अहिर खेतार गांव के राम लगन ने एसपी कार्यालय में बीते दिनों प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप था कि कुछ लोगों ने उसके बेटे चंद्रसेन को रेलवे में गेटमैन की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र, और आधार कार्ड बनवाए। किस्तों में छह लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद न तो बेटे को नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। आरोपी लगातार आश्वासन देते रहे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।