पट्टी जियाराय के कल्यानपुर में खेत में पड़ा बॉक्स और बिखरे पड़े सामान।
- फोटो : संवाद
सुरेरी। थाना परिसर से सटे पट्टी जियाराय के कल्यानपुर गांव में एक मकान व एक चाय-पान की गुमटी को सोमवार की रात चोरों ने अपना निशाना बनाया। दोनों स्थानों से चोर नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान उठा ले गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
पीड़ित अजय कुमार ने बताया कि सुरेरी थाना परिसर से सटे पट्टीजियाराय कल्यानपुर गांव में उनका मकान है। सोमवार की रात भोजन करने के बाद वे अपने कमरे में सोने चले गए। भूलवश कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं कर पाए। सोमवार की रात चोर कमरे में रखे दो मोबाइल फोन व एक लोहे की बाॅक्स उठा ले गए। लोहे की बॉक्स घर से कुछ दूरी पर टूटा हुआ मिला। इसमें रखे सामान बिखरे पड़े थे। उसमें रखे चार हजार नकद व दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोर उठा ले गए। उधर सोमवार की रात ही सरायडीह गांव निवासी पप्पू सिंह की सुरेरी थाना परिसर से महज 50 मीटर की दूरी पर रामपुर कठवतिया मार्ग के सरायडीह पावर हाउस के पास चाय-पान की गुमटी तोड़कर चोर 2500 रुपये नकद और 1500 रुपये मूल्य के सामान उठा ले गए। सुरेरी थाने के निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।