मछलीशहर। उमराना मोहल्ला निवासी सर्राफा व्यवसायी अन्नी गुप्ता की बड़ी बहन स्नेहा गुप्ता भी अपने 10 साल के बेटे के साथ मास्को में ही रह रही हैं। उनके पति चंदन गुप्ता वहां की एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। स्नेहा का आरोप है कि रविवार की रात करीब 12:30 बजे मास्को की पुलिस उनके पति को पकड़कर अपने साथ ले गई। पति के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है। स्नेहा की शादी कानपुर के यशोदा नगर निवासी चंदन गुप्ता से हुई है। दंपती का 10 वर्षीय बेटा है। वीडियो वायरल कर स्नेहा ने कहा है उनके पति चंदन गुप्ता नोएडा स्थित यूफ्लेक्स कंपनी के माध्यम से मास्को में नौकरी कर रहे हैं। उनके पास वीजा भी है। उनका कहना है कि उनके पति ने कोई अपराध नहीं किया है। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें किसी मामले में फंसाकर जबरन आर्मी में भेजा जा सकता है। स्नेहा ने बताया कि उन्हें रूसी भाषा नहीं आती, जिसके कारण वह वहां अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने में परेशानी महसूस कर रही हैं। हालांकि उन्होंने मित्रों के माध्यम से दूतावास और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाने की बात कही है। स्नेहा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से पति की सकुशल वापसी में मदद करने की अपील की है। उनका कहना है कि वह अपने पति और बेटे के साथ अब भारत लौटना चाहती हैं।