थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी-जलालपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम महुआरी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से सायकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस की काफी मान-मनौवल के बाद भी ग्रामीण जाम खत्म करने को राजी नहीं हुए। रात साढ़े 8 बजे तक जाम जारी रहा।
टिकुरीडीह गांव निवासी नंदू राम (54) बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे घर से सायकिल से पराउगंज बाजार जा रहे थे। महुआरी गांव के पास पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवक ने सायकिल में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में सड़क पर गिरे सायकिल सवार नंदू राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने रोक दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख चक्का जाम कर दिया। वह मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बातचीत कर ग्रामीणों को समझाया जा रहा है।