इसी मस्जिद के कमरे में मिला इमाम का शव
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के रामगढ़ गोगावल गांव स्थित एक मस्जिद के कमरे में इमाम ने फंदे से लटक कर जान दे दी। सोमवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुदकुशी का कारण साफ नहीं है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बस्ती जिले के थाना छावनी के इंदौली गांव निवासी मो. हुसैन रामगढ़ गांव के गोगावल बस्ती स्थित मदीना मस्जिद में रहकर नमाज पढ़ाने का काम करता था। साथ में बच्चों को अरबी भाषा की तालिम देता था। चार दिन पहले ही वो बस्ती से लौटा था। वह मस्जिद के अंदर बने एक कमरे में रहता था।
सोमवार अलसुबह उसने अजान नहीं दिया तो गांव का एक व्यक्ति मस्जिद पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो वह अजान देकर वापस लौट गया। सोमवार सुबह अरबी भाषा की तालिम लेने पहुंचे बच्चों ने खिड़की से देखा तो इमाम फंदे से लटका था। उन्होंने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें: ए साहब, पापा बहुत दारू पीते हैं....नन्हे फरियादी ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से लगाई गुहार