मड़ियाहूं पुलिस द्वारा गिरफ्तार पिता-पुत्र व बरामद पटाखे। पुलिस
भंडरिया टोला में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में छापा मारकर पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
मौके से 234.5 किलोग्राम पटाखे, 16 किलोग्राम बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। पटाखा बनाने के उपकरणों के साथ एक ड्रोन कैमरा भी मिला। आरोपी ड्रोन से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते थे।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ भंडरिया टोला में छापा मारा।
मौके से इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मो. कैफ (23) निवासी भंडरिया टोला को गिरफ्तार किया गया। मौके से 234.5 किलोग्राम तैयार पटाखे, 16 किलोग्राम बारूद पाउडर और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
पिता-पुत्र के खिलाफ पहले से प्राथमिकी दर्ज है। बताया कि अवैध पटाखा बनाने और भंडारण करने वाले पिता-पुत्र शातिर तरीके से काम कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ड्रोन कैमरे का इंतजाम कर रखे थे। पटाखा निर्माण और भंडारण के दौरान ड्रोन से आसपास के इलाके की निगरानी करते थे, ताकि पुलिस की गतिविधियों और आने-जाने की आहट पहले ही मिल जाए।