जौनपुर। अब नगर पालिका परिषद जौनपुर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए वाराणसी की एक कंपनी को टेंडर मिल गया है। 39 में से सात वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम शुरू हो गया है। बाकी बचे हुए 32 वार्डों में जल्द इसे लागू किया जाएगा। इससे नगरवासियों को सहूलियत मिलेगी।
नगर पालिका परिषद जौनपुर में तीन लाख से अधिक की आबादी व 40 हजार से अधिक भवन हैं। अभी तक सड़कों पर जहां-तहां कूड़ा फेंकने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है, जिससे लोगों को बीमारियों का सामना भी करना पड़ता है। इसको देखते हुए शासन स्तर से मार्च में ही टेंडर आमंत्रित किया गया था। इसमें 10 से 11 कंपनियों ने प्रतिभाग किया था। निकाय चुनाव की घोषणा के कारण टेंडर को चुनाव के बाद तीन से चार जून को खोला गया। इसका टेंडर वाराणसी की कियाना कंपनी को दिया गया। अभी पांच जून से शुरू किए गए सात वार्डों में हुसेनाबाद, रामनगर, उमरपुर, भंडारी, इशापुर, मियांपुर, वाजिदपुर है। प्रत्येक आवासीय भवन से 50 रुपये व व्यावसायिक भवन से 500 रुपये शुल्क लिया जाएगा। इससे संस्था को औसतन नगर पालिका से प्रतिमाह 20 लाख रुपये प्राप्त होगा। जिन घरों से शुल्क नहीं दिया जाएगा, उनसे तीन गुना 150 रुपये जुर्माना लिया जाएगा। इसमें संस्था को गाड़ी नगर पालिका देगी और बाकी तेल व आदमी स्वयं देना होगा। नगर पालिका की तरफ से संस्था को 10 गाड़िया दी गई है। इसमें कंपनी की तरफ से जीपीएस व साउंड सिस्टम लगाया जा रहा है। एक गाड़ी पर चालक व कूड़ा उठाने वाले दिए जाएंगे। जीपीएस सिस्टम से कंपनी के लोग वाहनों की निगरानी करेंगे।
....................................
वर्जन ...
नगर पालिका परिषद जौनपुर के नागरिक जागरूकता का परिचय दें। शहर व आस-पास के इलाकों को स्वच्छ रखने के लिए सड़क पर कूड़ा न फेंके। कूड़ा गाड़ी जाने पर ही उनको कूड़ा दें। इसका टेंडर हो गया है। लोगों से महीने का 50 रुपये शुल्क लिया जाएगा। न देने पर 150 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद जौनपुर।