जौनपुर। नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत रविवार को शिक्षण संस्थाओं में नशा मुक्त युवा के तहत सभी को शपथ दिलाई गई। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एनसीसी, एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। अध्यक्षता कर रहीं कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि युवा ठान लें तो समाज से नशे की बुराई को समाप्त करना कठिन नहीं है। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा नई दिल्ली की ओर से प्रस्तुत लघु नाटक में उपस्थित युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश का लाइव प्रसारण भी हुआ। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने युवाओं से नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की। शोध छात्र उद्देश्य सिंह ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। एनसीसी कैडेट अदिति मिश्रा ने नशा मुक्त युवा और विकसित भारत विषय पर प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत किया। संयोजक डॉ. मनोज पांडेय ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने नशा से दूर रहने की अपील की। संचालन शोधार्थी रक्षित प्रताप सिंह ने किया। उधर, राजा श्रीकृष्ण दत्त महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. शंभूराम की अध्यक्षता में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन कर सभी से नशा मुक्त रहने की अपील की। छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे अपने आसपास के लोगों को नशा से दूर रहने के लिए जागरूक करेंगे। इस दौरान डॉ. मनोज वत्स, डॉ. नीता सिंह, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. विजय तिवारी, डॉ. अनिल मौर्या, डॉ. लाल साहब यादव, डॉ. विष्णु चंद्र त्रिपाठी, डॉ. मनोज तिवारी आदि रहे।