जलालपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने शनिवार को जलालपुर ब्लाक का निरीक्षण किया। नेवादा में मनरेगा पार्क देखा। धान खरीद के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान शिकायतों के ठीक से समाधान न करने पर नाराजगी जताई और आय-व्यय का विवरण रजिस्टर में दर्ज न होने पर लेखाकार को चेतावनी दी।
उर्दू बाबू के पटल पर बिबनमऊ गांव में पेयजल की समस्या का एक शिकायती पत्र था, जिसका निपटारा बीडीओ और सचिव ने ठीक से नहीं किया था। इसे देख कर कमिश्नर ने नाराजगी जताई और कहा कि ठीक से काम करें। एडीओ कोऑपरेटिव से धान खरीद कम होने के कारण पूछा तो पता चला कि बोरे की कमी है। मुख्य लेखाकार पटल पर ब्लाक के आय व व्यय का विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं था। ग्राम पंचायतों का 2018-19 का उपभोग प्रमाणपत्र नहीं होने पर एडीओ पंचायत से कहा कि हफ्ते भर में उसे उपलब्ध कराएं। नेवादा गांव के मनरेगा पार्क की व्यवस्था देखकर संतोष जताया। मनरेगा मजदूर सुनीता, समुंद्र, रेखा, शीला ने मजदूरी न मिलने की शिकायत की तो उन्होंने बीडीओ से जवाब-तलब किया। सीडीओ अनुपम शुक्ला, डीडीओ बीबी सिंह, डीपीआरओ संतोष कुमार, बीडीओ प्रवीण कुमार त्रिपाठी, एडीओ आईएसबी कमलेश चौबे, एडीओ पंचायत उदयशंकर सिंह साथ रहे। उधर, धान क्रय केंद्र फतेहगंज के निरीक्षण के दौैैरान किसान प्रवीण कुमार से पूछताछ की। मार्केटिंग इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर सिंह से दो कांटो पर तौल कराने को कहा। किसान उमाशंकर सिंह से फोन पर धान विक्रय के संबंध में बात की। सिकरारा के ग्राम पंचायत मीरगंज में बने तालाब का भी निरीक्षण किया।
सतही रिपोर्ट लगाने वाले अफसरों पर करें कार्रवाई
जौनपुर। मंडलायुक्त ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के निपटारे की सतही रिपोर्ट लगाने वाले अफसरों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। बिल लिपिक से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के इनकम टैक्स कटौती का विवरण तैयार करने और हैसियत तथा चरित्र प्रमाण पत्र बनाने में विलंब न करने की बात कही। हैसियत प्रमाण पत्र के 699 में से 364 और चरित्रप्रमाण पत्र के 322 में से 45 आवेदनों का निपटारा नहीं हो पाया है। आयुक्त ने कहा कि 02 साल से अधिक पुराने मामलों में आवेदक कागजात उपलब्ध नहीं कराते तो उसे खारिज करें। जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत एक वर्ष तक पुराने लंबित मामले देखकर नाराजगी जताई। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी राजकरन नैय्यर मौजूद रहे।
बूथ पर मतदाता सूची के साथ रहें बीएलओ
जौनपुर। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत एवं विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की। निर्देश दिया कि मतदाता सूची तैयार करने में मेहनत एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। जो भी दावे आपत्तियां आई हो उन्हें समय सीमा में निस्तारित करें। सभी बीएलओ मतदाता सूची के साथ बूथ पर अवश्य रहें, जो भी बीएलओ इसमें लापरवाही करे उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पांच जनवरी तक आपत्तियों के निस्तारण का सभी एसडीएम को निर्देश दिया। बूथवार मतदाताओं की ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो की सूची बनाने को कहा। बैठक में डीएम दिनेश कुमार सिंह, सीआरओ राजकुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।