नगर कोतवाली क्षेत्र के ख्वाजगी टोला (उर्दू बाजार) में सोमवार को दवा फैक्ट्री में हुई अगलगी की घटना ने प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि ऐसी न जाने कितनी फैक्टि्रयां होंगी जो अवैध रूप से चल रही होंगी। अगर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम अभियान चलाकर जांच कराए तो कई फैक्टरियों का भंडाफोड़ हो सकता है। नगर कोतवाली क्षेत्र के अतिव्यस्ततम इलाकों में इस तरह के दवा फैक्ट्रियों का चलना पूरी तरह से प्रशासन पर सवालियां निशान खड़ा कर रहा है। औषधि प्रशासन विभाग में पंजीकृत दवा फैक्ट्रियों की बात की जाए तो चंदवक में एक होमियोपैथी, मुंगराबादशाहपुर में एक एलोपैथिक दवा फैक्ट्री व एक मेडिकल डिवाइस बनाने की फैक्ट्री है। इसके अलावा आयुर्वेद विभाग की तरफ से भी दवा बनाने की मंजूरी दी जाती है। अगर बिना परमिशन के वहां पर दवा बनाने की फैक्ट्री चल रही थी तो इतने दिनों तक जिम्मेदारों की तरफ से कोई जांच क्यों नहीं की गई। जहां पर न तो अग्निशमन विभाग से कोई एनओसी ली गई, न ही कोई लाइसेंस। सिर्फ जिम्मेदारों की मिलीभगत से अवैध दवा फैक्ट्रियों का संचालन किया जा रहा है। शहर के बीच हुए इस हादसे से आस-पास के लोगों को कोई क्षति नहीं पहुंची।
इस बाबत सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह ने बताया कि ड्रग विभाग व पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वह टीम बनाकर जहां कही भी अवैध फैक्ट्री की सूचना मिले, फौरन छापेमारी करके कार्रवाई करें।