जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के द्वारा आंतरिक मूल्यांकन, सेशनल और प्रैक्टिकल के नंबर अभी तक नहीं भेजे जाने से परीक्षा परिणाम घोषित करने में दिक्कत आ रही है। कई महाविद्यालयों का रिजल्ट तैयार नहीं हो पा रहा है। महाविद्यालयों की इस लापरवाही पर अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
एजेंसी अपूर्ण रिजल्ट नहीं घोषित करना चाहती। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने परीक्षा नियंत्रक, सहायक कुलसचिव और निगरानी समिति के साथ बैठक कर ऐसे महाविद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। ताकि विद्यार्थियों का अहित न हो। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह ने कहा है कि निर्देशित करने के बाद भी महाविद्यालयों की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अंतर्गत मेजर विषय, इलेक्टिव विषय, कोकरिकूलर विषयों के 25 फ़ीसदी सतत आंतरिक मूल्यांकन के अंक महाविद्यालयों ने गोपनीय विभाग को उपलब्ध नहीं कराया। इस संबंध में रिमाइंडर दिया जा चुका है। इन कालेजों को 18 जुलाई तक का समय दिया गया है। इस दौरान आंतरिक मूल्यांकन के अंक नहीं भेजने वाले महाविद्यालय पर अर्थदंड लगाया जा सकता है।