दूल्हा हत्याकांड: कलेक्ट्रेट में धरना दे रहीं सौम्या बिंद। संवाद
जौनपुर । बहुचर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड को एक माह 18 दिन का समय बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मामले के आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की गिरफ्तारी पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है, जबकि पुलिस ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।
पुलिस ती कार्रवाई से असंतुष्ट और भाई को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर मृतक की बहन सौम्या बिंद निवासी ग्राम सभा बड़उर, थाना सरायख्वाजा बृहस्पतिवार से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं।
इससे पहले, सौम्या बिंद ने सद्भावना पुल से स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक विशाल पैदल मार्च निकाला। जुलूस की शक्ल में प्रदर्शन करते हुए सभी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने धरने में शामिल होकर सौम्या को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठी सौम्या बिंद निवासी ग्राम सभा बड़उर, थाना सरायख्वाजा ने कहा कि हमारे साथ राजनीति की जा रही है और प्रशासन की तरफ से केवल न्याय का खोखला आश्वासन मिल रहा है।
मेरे भाई के हत्यारे सरेआम खुले घूम रहे हैं और पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भी मिलकर गुहार लगा चुकी हूं, लेकिन नतीजा सिफर रहा।